अमरोहा। राजमिस्त्री बबलू मौत के बाद बुधवार को परिजनों का गुस्सा भड़क गया। घर के बाहर सड़क पर हंगामा किया। शटडाउन लेने के भी बिजली आपूर्ति चालू करने का आरोप लगाया। शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझकर शांत कर दिया। मुआवजा दिलाने का भी भरोसा दिलाया। मृतक राजमिस्त्री की पत्नी ने बिजली कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए। नौगांवा सादात क्षेत्र के बाकीपुर गांव निवासी राजमिस्त्री बबलू की मंगलवार को करंट लगने से मौत हो गई। इस दौरान वह तखतपुर गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर चिनाई का काम कर रहे थे। ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को परिजन शव को घर ले आए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की। मृतक के परिवार का कहना है कि बबलू ही उनके परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य थे। उन्होंने मांग की है कि जब तक मुआवजा नहीं मिलता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और स्थिति को शांत करने का प्रयास करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रभारी सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।