अमरोहा। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत के साथ ही डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने सोमवार को खुद अपनी स्व-गणना की। उन्होंने निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर परिवार और मकान से संबंधित जानकारी दर्ज कर प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने जिले के लोगों से भी स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए नागरिकों को जनगणना विभाग के पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां परिवार का मुखिया या कोई अन्य सदस्य अपने परिवार और आवास से संबंधित निर्धारित जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इसके बाद स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। प्रशासन की ओर से लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि जनगणना केवल आबादी की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इससे जनसंख्या के साथ सामाजिक और आर्थिक स्थिति, आवासीय परिस्थितियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों से संबंधित आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजना तैयार करती है। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े उपलब्ध होने से जरूरतमंद क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और संसाधनों को पहुंचाने में मदद मिलती है।
डीएम ने जनपदवासियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी और परिवार की सही एवं पूरी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने की अपील की। साथ ही परिवार के सदस्यों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।