युवक के शव का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मी
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा(अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव पालनपुर के पास बुधवार की सुबह नहर की पटरी पर 35 वर्षीय एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने पर सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने रक्तरंजित शव को वहां पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर शव का निरीक्षण किया। युवक के सीने पर गोली जैसे दो निशान बने हुए थे और हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटनास्थल देखकर लगता है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया हो। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया है। सीओ ने भी मौका मुआयना किया।
थाना क्षेत्र के गांव पालनपुर के पास बह रही रामगंगा पोषक नहर की पटरी पर बुधवार की सुबह कुछ ग्रामीणों को एक युवक का शव दिखाई दिया। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की तलाशी ली तो जेब से कुछ रुपये मिले। युवक के सीने पर गोली मारने जैसे दो निशान बने हुए थे। युवक के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से युवक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन कोई नहीं बता पाया। माना जा रहा है कि हत्यारों ने युवक की हत्या कर शव यहां फेंक दिया हो।
पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क किया
मंडी धनौरा। जिस स्थान पर युवक का शव पड़ा मिला है। वहां से जनपद बिजनौर की सीमा अधिक दूर नहीं है। आमतौर पर जनपद बिजनौर के लोग वारदात को अंजाम देकर शव यहां फेंक जाते हैं। पुलिस ने आसपास के गांवों में युवक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन कही से भी युवक की गुमशुदगी व लापता होने की सूचना नहीं थी। सीने पर गोली जैसे दो निशान देखकर लगता है कि हत्यारों की युवक से कोई गहरी रंजिश रही होगी। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी पर रखवा दिया गया है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।