फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान के घर डकैतों का धावा, परिवार को कमरे में बंदकर लूटपाट की

विज्ञापन
अमरोहा जिले के मंडी धनौरा के हिरनाखेड़ी में बदमाशों की लूटपाट के बाद गुमसुम बैठे परिजन। - फोटो : DHANAURA
विज्ञापन
मंडी धनौरा (अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव हिरनाखेड़ी में छह सशस्त्र बदमाशों ने मंगलवार आधी रात को तमंचों के बल पर किसान के घर में डाका डाला। परिजनों को कमरे में बंद करके लाखों रुपये के जेवर व नकदी लूट ले गए। एक घंटे बाद बदमाशों के फरार होने के बाद परिजनों ने अपने रिश्तेदारों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही गांव पहुंच कर बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई हाथ नहीं आया।
विज्ञापन

हिरनाखेड़ी में किसान ओमपाल चौधरी का मकान गांव से बाहर की ओर बना हुआ है। मंगलवार की रात लगभग 12.30 बजे छह बदमाशों ने ओमपाल के मकान पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने बाहर सो रहे ओमपाल के छोटे बेटे पवित्र को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। उसके बाद भीतर सो रहे ओमपाल को भी कब्जे में ले लिया। तमंचों से धमकाते हुए भीतर दाखिल हुए बदमाशों ने कमरे में सो रहे बड़े बेटे को भी धमका कर साथ लिया और महिलाओं समेत सभी को एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी में रखे कैश और जेवर कब्जे में लिए और चिल्लाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लूट के सामान के साथ जिस वक्त बदमाश भाग रहे थे तो उनके दो साथी तमंचे लेकर काफी देर किसान के घर के आसपास मौजूद रहे। उनके जाने के बाद पवन ने गांव में ही रहने वाले अपने तहेरे भाई राजेश को फोन पर घटना की सूचना दी। राजेश ग्रामीणों को लेकर मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर थाना प्रभारी अमर सिंह मय फोर्स के गांव पहुचे। बदमाशों की तलाश भी की गई लेकिन कोई हाथ नहीं आया। बुधवार की सुबह सीओ सत्येंद्र कुमार ने भी मौका मुुआयना किया। पवन की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है। परिवार का कहना है कि डकैत लगभग 40 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान लूट ले गए।
विज्ञापन

बदमाशों ने परिजनों से चाय भी बनवाई
बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद करने के दौरान दो महिलाओं को कुछ समय बाहर रखा। उनसे अपने लिए खाना तैयार करवाया और चाय बनवाई। घर वालों का कहना है कि हालांकि बदमाशों ने चाय नहीं पी। पवन ने बताया कि बदमाश लगभग एक घंटे तक मकान में रहे।
हरियाणवी शैली में बोल रहे थे, 20-25 साल थी उम्र
किसान ओमपाल चौधरी के मकान को अपना निशाना बनाने वाले सभी बदमाश लगभग 20-25 साल की उम्र के थे। ओमपाल के पुत्र पवन ने बताया कि छह में से दो बदमाश ही बोल रहे थे जबकि चार बदमाशों ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी थी। पवन ने बताया कि बोलने वाले बदमाशों की भाषा-शैली में हरियाणवी पुट था। अरे छोरा.. ऐ छोरी कहकर बोल रहे थे। सभी बदमाशों ने अपने चेहरों को कपड़ों से छुपा रखा था। पवन ने बताया कि किसी भी बदमाश ने परिवार की महिलाओं से बदतमीजी नहीं की लेकिन धमकी से डराते रहे।
शेरपुर गांव में भी इसी तरह लूट की वारदात को दिया गया था अंजाम
मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर में बीती 10 जनवरी को बदमाशों ने इसी तरह लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने गांव निवासी नरेश कुमार के मकान की छत से नीचे उतर कर परिजनों को बंधक बना लिया था। बदमाशों ने लगभग एक घंटे तक मकान में लूटपाट की। हिरनाखेड़ी गांव की तरह बदमाशों ने नरेश के परिजनों से भी अपने लिए चाय बनवाई थी। हालांकि यह दीगर बात है कि थाना पुलिस ने नरेश के परिजनों की इस बात पर यकीन नहीं किया था कि बदमाशों ने अपने लिए चाय बनवाई होगी। उस घटना में भी पांच-छह बदमाश शामिल थे। उस घटना का आज तक खुलासा नहीं हुआ। (संवाद)
घटना की जानकारी मिलने पर मेरे द्वारा भी मौके का मुआयना किया गया है। घटना की विस्तार से जाँच की जा रही है। परिजनों से जानकारी के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सत्येंद्र कुमार, सीओ धनौरा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें