तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गन्ना समिति के भवन व कार्यालय का निर्माण अटक गया है। अमरोहा रोड पर स्थित गन्ना समिति की भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। विभाग ने एसडीएम को पत्र भेजकर भूमि पर हुए अवैध कब्जे को हटाने का अनुरोध किया है। भारतीय किसान यूनियन असली ने कब्जा नहीं हटने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर के मोहल्ला गढ़ी निवासी मोहम्मद फारूख ने करीब 10 साल पहले गन्ना समिति के भवन के निर्माण के लिए अपनी भूमि दान में दी थी। भूमि का बैनामा भी गन्ना समिति के नाम हो चुका है। भूमि पर समिति का कार्यालय बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। लेकिन, आज तक भवन निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ। समिति का कार्यालय कई सालों से मोहल्ला कटरा में किराए के भवन में चल रहा है।
बीती तीन अप्रैल को गन्ना समिति की सामान्य वार्षिक निकाय की बैठक में समिति के भवन निर्माण को मंजूरी दी गई। भवन का नक्शा भी पास होकर विभागीय अधिकारियों के पास आ गया। वहां भवन निर्माण का काम शुरू कर दिया गया। अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि मौके पर नक्शे के मुताबिक भूमि नहीं है। मौके पर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में गन्ना समिति के अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। एक हफ्ते पहले गन्ना समिति से स्थानांतरित किए गए सचिव देवेंद्र तिवारी ने भी एसडीएम को पत्र भेजकर कब्जा हटाने का अनुरोध किया था। उधर, भारतीय किसान यूनियन असली के मंडल अध्यक्ष डूंगर सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि भूमि कब्जा मुक्त नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा।