गजरौला (अमरोहा)। समाज कल्याण विभाग ने प्रदेश के 72 जिलों में चल रहे राजकीय अनुसूचित जाति के छात्रावासों की मरम्मत के लिए धनराशि जारी की है। अमरोहा स्थित बाबू जगजीवन राम बालिका छात्रावास के लिए 77 लाख रुपये मिले हैं। जिससे उसकी मरम्मत की जाएगी। उसमें रहने वाली छात्राओं को सहूलियत मिलेगी।
क्षेत्र के गांव बहलोलपुर निवासी जसवंत सिंह अनुसूचित जाति एवं जन जाति के छात्र-छात्राओं के लिए बने छात्रावासों की प्रदेश नागरिक निगरानी समिति के सदस्य हैं। उन पर मुरादाबाद, बरेली, साहरनपुर मंडल के जिलों का जिम्मा है। इसके अलावा स्वरोज नेटवर्क के उत्तर भारत के चीफ कोर्डिनेटर हैं। जिसके अध्यक्ष सेवानिवृत आईपीएस अधिकारी आर एस प्रवीण हैं। जसवंत सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की टीम ने प्रदेश भर में राजकीय अनुसूचित जाति के छात्रावासों का भ्रमण किया। उनमें पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं से बात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। भ्रमण के दौरान कई छात्रावासों की हालत जर्जर पाई गई। उनमें मरम्मत की जरूरत सामने आई। जिस पर नेटवर्क के पदादिकारियों ने प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से मिलकर छात्रावासों की हालत बयां की। उनकी मरम्मत के लिए धनराशि आवंटित करने की मांग रखी। उनकी मांग पर प्रदेश के 72 जिलों में चल रहे छात्रावासों के लिए धनराशि जारी की। जिसमें 77 लाख रुपये अमरोहा स्थित बाबू जगजीवन राम बालिका छात्रावास की मरम्मत के लिए भी मिले हैं। जिससे छात्रावास की दशा सुधारी जाएगी। उसको मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। छात्रावासों के लिए प्रदेश की नागरिक निगरानी समिति के सदस्य जसवंत सिंह ने बताया कि मंगलवार को उसका निरीक्षण कर उसे मॉडल रूप देने पर समाज कल्याण अधिकारी के साथ चर्चा की जाएगी। कुछ दिनों में ही उस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।