कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह टहलने के दौरान जहर खाने वाले दूसरे दोस्त की हालत नाजुक बनी हुई है जबकि 16 वर्षीय किशोर की पहले ही मौत हो चुकी है। बिना किसी कार्रवाई के परिजनों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मंगलवार को सुबह टहलने निकले दो दोस्तों ने जहर खा लिया था। वह बेहोशी की हालत में बाग में पड़े मिले थे। जिनमें से 16 वर्षीय किशोर की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई थी जबकि 13 वर्षीय किशोर को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि मेरठ के अस्पताल में उपचाराधीन किशोर की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। परिजन उसकी कुशल होने की दुआएं कर रहे हैं हालांकि इस पूरे प्रकरण में अभी तक पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई है। मरने वाले किशोर के शव का मंगलवार शाम को ही बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया गया था। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने की वजह से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घर पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। गम के माहौल में सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों के आने-जाने का सिलसिला लगा हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान का कहना है कि मामले की शिकायत अभी तक पुलिस को नहीं मिली है।