ढबारसी(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव में नल पर पानी भरते समय पचास वर्षीय ग्रामीण पर सांड़ ने हमला कर दिया। कुचल-कुचल कर मौके पर ही मार डाला। ग्रामीणों ने लाठी डंडों से किसी तरह से सांड़ को वहां से भगाया। लेकिन तबतक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीण की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बिना किसी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव बीजनपुर निवासी पचास वर्षीय नेमचंद पुत्र हीरालाल शुक्रवार सुबह करीब साढे़ सात बजे अपने घर के पास नल पर पानी भर रहा था। इसी दौरान पीछे से आकर सांड़ ने हमला कर दिया। नेमचंद को सींगों व पैरों से सांड़ ने बुरी तरह कुचल दिया। मौके पर शोर शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी डंडों सांड़ को भगाया। तब तक हटाते बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही नेमचंद की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में तीन बेटे व एक बेटी है। जिनमें सभी की शादी हो चुकी है। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा पशुओं से आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।