अमरोहा। दस दिन की प्रक्रिया के बाद शनिवार को मजिस्ट्रेट और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में हैंडलूम कारोबारी गुफरान का शव कब्र से निकाला गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को फिर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को सुपुर्दे खाक कर दिया था। इसके बाद सुसाइड नोट मिला था। वहीं दो दिन बाद वीडियाे भी मिला था जिसमें उसने आत्महत्या के लिए आठ को जिम्मेदार ठहराया था।
सुसाइड नोट मिलते ही पुलिस अपनी जांच का दायरा बढ़ाया। कारोबारी गुफरान की आत्महत्या के मामले में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस कारोबारी की भाभी सना को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है जबकि अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अमरोहा के मोहल्ला नल स्थित हैंडलूम हाउस में रहने वाले अताउल्लाह के बेटे गुफरान घर के नीचे हैंडलूम का कारोबार करते थे। कुछ दिनों से मोहल्ला कोट निवासी फजल, मोहल्ला सराय कोहना निवासी सोनू कबाब वाला, बबलू व मोहसिन, मोहल्ला चाहमुल्लान निवासी अयूब बावर्ची, मोहल्ला बटवाल निवासी तंजीम बेग, मोहल्ला तलवार शाह निवासी सलीम और गुफरान की भाभी सना उसे परेशान कर रहे थे।
24 अगस्त की शाम चार बजे फजल ने गुफरान को कोट चौकी पर बुलाया जहां पर पहले से सभी आरोपी मौजूद थे। सभी ने पुलिस चौकी के पास ही गुफरान के साथ मारपीट की। इसके बाद गुफरान को दुकान पर ले गए और बंधक बनाकर पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। आरोपियों से छूटकर शाम को पांच बजे गुफरान घर पहुंचे और कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने कारोबारी के पिता अताउल्लाह की तहरीर पर सभी आठ पर एफआईआर दर्ज की थी।
इसके बाद तीन सितंबर को पुलिस ने कारोबारी गुफरान की भाभी सना को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया, बाद में शव को दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।