डेंगू के दस और बुखार के 277 नए मरीज मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार को भी डेंगू के 10 और बुखार के 277 मरीज मिले हैं। डेंगू से अब तक करीब 30 मौत हो चुकी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में केवल एक मौत दर्ज है। डेंगू के कुल 731 मरीज मिल चुके है। जिले में अभी तक जीका वायरस का कोई मरीज नहीं मिला है।
जनपद में डेंगू और बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। चिकित्सकों की माने तो सर्दी के बढ़ते ही डेंगू का प्रकोप कम हो जाता है। इस साल अभी तक हालात बेकाबू हैं। स्वास्थ्य विभाग के सभी प्रयास फेल होते नजर आ रहे हैं। डेंगू को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जनपद के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में ओपीडी में 3329 मरीज देखे गए। इनमें डेंगू के 10, बुखार के 277, डायरिया के 26, टायफाइड के चार मामले सामने आए हैं। वहीं, कोविड जांच के लिए 625 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। सीएमओ ने बताया कि अब धीरे-धीरे डेंगू और बुखार के मामले कम हो रहे हैं। जल्द ही इस पर काबू पा लिया जाएगा। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब पर रोजाना 250 से 200 लोगों की जांच कराई जा रही है। मरीजों को दो से तीन घंटे के भीतर रिपोर्ट दी जा रही है।