हसनपुर(हसनपुर)। दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर विवाहिता को पहले जान से मारने की कोशिश की गई, इसके बाद मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके में रह रही विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने पति समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला कोर्ट पूर्वी निवासी जैनब की शादी करीब दो वर्ष दिल्ली के मुस्तफाबाद क्षेत्र के इंद्रा बिहार निवासी एजाज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही जैनब का दहेज के लिए उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। दहेज में पांच लाख रुपये नकद व कार की मांग की जाने लगी। कई बार मारपीट की गई। करीब पांच माह पूर्व जानलेवा हमला किया। मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। किसी तरह से जैनब बच पाई। इसके बाद मारपीट कर निकाल दिया। तभी से जैनब मायके में रह रही थी। बताया कि सोलह सितंबर को पति ससुरालियों व बिचौलिए के साथ मायके के घर पहुंचे और दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर तीन तलाक दे दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पति एजाज, ससुर महबू, सास जन्नत, ननद रोशन व तबस्सुम, नंदोई मुस्तकीम, दिलशाद, शहाना, इमरान और आसिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।