ट्रक में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते लोग।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। कॉटनवेस्ट कारखाने के बाहर रुई से भरे ट्रक में बिजली के तारों में निकली चिंगारी से ट्रक में आग भड़क गई। थोड़ी ही देर में आग की लपटे आसमान छूने लगीं। घटना से मजदूरों में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में कांकर सराय मार्ग की है। जोया निवासी मोहम्मद हसीब कॉटनवेस्ट कारोबारी है। कांकर सराय मार्ग स्थित मारूफ मंसूरी के गोदाम पर उनके रुई के तैयार बंडल रखे थे। बुधवार की सुबह मजदूरों ने रुई के बंडलों को ट्रक में लाद दिया। ट्रक मेन रोड पर खड़ा था, जबकि चालक रिजवान अहमद उसके भीतर था। तभी ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों ने फाल्ट हो गया। उससे निकली चिंगारी रुई लदे ट्रक पर गिर गई। थोड़ी ही देर में आग धधक उठी और आसमान छूने लगी। तभी, चालक ट्रक को लेकर आबादी से बाहर गया और सड़क किनारे ट्रक को पलट दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोग की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि ट्रक में दो लाख रुपये की रूई थी। जबकि ट्रक भी बुरी तरह जलकर राख हो गया। घटना से अफरा-तफरी मची रही। कुल छह लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।