गजरौला(अमरोहा)। 12 नवंबर को हाईवे पर चेकिंग के दौरान मुरादाबाद के युवक से बरामद 65 लाख रुपये की देशी-विदेशी करेंसी के संबंध में जांच को आयकर विभाग की टीम गजरौला थाने पहुंची और जानकारी जुटाई। मुरादाबाद से आई टीम ने इंस्पेक्टर आरपी शर्मा से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली।
इंस्पेक्टर ने टीम को बताया कि 12 नवंबर को हाईवे पर ब्रजघाट चौकी पर मुरादाबाद की दिशा से आ रही रोडवेज बस को रोककर तलाशी ली गई तो मुरादाबाद निवासी रोहित यादव को बैग में रखी 40 लाख 63 हजार की भारतीय करेंसी और 15 लाख से अधिक की तीन देशों की विदेशी करेंसी समेत पकड़ा गया था। उसने बताया था कि उक्त रकम मुरादाबाद निवासी काकू उर्फ मुकुल की है। इसे लेकर वह दिल्ली जा रहा था। हालांकि वह रकम के कागजात नहीं दिखा सका। अगले दिन पुलिस ने काकू को भी थाने बुलवा लिया। वह भी रकम के कागज नहीं दिखा सका। मामला हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका में इस संबंध में ई़डी को भी अवगत कराया गया था। बाद में रकम को जिला कोषागार में जमा करा दिया गया। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने टीम के आने की पुष्टि करते हुए बताया कि आयकर विभाग वाले यहां मामले की जानकारी जुटाने आए थे। संवाद