अमरोहा। नवनियुक्त शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने वेतन जारी कराने की मांग की है। संगठन का दावा है कि 750 शिक्षकों को वेतन नहीं मिल रहा है।
जिले के प्राइमरी स्कूलों में अक्तूबर से मार्च तक कुल 631 शिक्षकों की नियुक्ति सहायक शिक्षक पद पर हुई है। स्थानांतरण पर आए शिक्षकों को जोड़ने पर यह संख्या 931 हो गई है। फिलहाल स्कूलों में छुट्टी चल रही है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद कई शिक्षक बीमार हो गए हैं। वेतन नहीं मिलने से इलाज कराने में दिक्कतें आ रही हैं। जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह और मंत्री मुकेश चौधरी ने वेतन जारी किया जाए। हालांकि, इन शिक्षकों के हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, बीटीसी, बीएड, टीईटी के अंक पत्रों का सत्यापन होना है, लेकिन बरेली और मेरठ विश्वविद्यालय के रिकार्ड ऑनलाइन नहीं होने से सत्यापन में दिक्कतें आ रही हैं।
192 शिक्षकों को वेतन दिया गया है। बरेली और मेरठ विश्वविद्यालय से शैक्षिक प्रमाण पत्र का सत्यापन रिपोर्ट नहीं आई है। फिलहाल 327 शिक्षकों की सूची लेखा अनुभाग में भेजी गई है। कोशिश है कि 400 शिक्षकों को वेतन दे दी जाए। चंद्रशेखर, बीएसए