अमरोहा। यूपी बोर्ड की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्कूलों में सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही है। वहीं, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए स्कूलों से शिक्षकों का ब्योरा भी मांगा गया है।
शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को नकलविहीन आयोजित कराने के लिए डीआईओएस कार्यालय की ओर से सभी तरह की तैयारियों को समय रहते पूरा कराया जा रहा है। हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार जिले में 71 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 51058 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की नियुक्ति भी की जाएगी। इसके साथ ही कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की कवायद भी शुरू कर दी गई है।
इसके लिए सभी स्कूलों से शिक्षकों का ब्योरा मांगा गया है। 71 केंद्रों पर करीब चार हजार कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे। सभी केंद्रों पर करीब 50 फीसदी स्टाफ बाहरी रखा जाएगा। स्कूलों को शिक्षकों का नाम, नियुक्ति की तारीख, पढ़ाने वाला विषय और मोबाइल नंबर के साथ सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षकों की जानकारी के साथ ही सभी स्कूलों से सीसीटीवी, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर व बिजली आदि की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।