संभल। कोरोना संक्रमित 50 वर्षीय शिक्षिका की टीएमयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। इनके अलावा सोमवार को सात नए कोरोना संक्रमित रोगी मिले हैं। संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1895 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमितों को आईसोलेट करने में लगी है।
संभल के मोहल्ला आनंद विहार कालोनी निवासी 50 वर्षीय महिला गांव अझरा के जूनियर हाईस्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। खांसी होने पर कोरोना की जांच कराई थी। छह सितंबर को आई रिपोर्ट में शिक्षिका कोरोना संक्रमित मिली थी। सात सितंबर को टीएमयू में उपचार के लिए भर्ती कराया था। रविवार की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम शव को लाने के लिए मुरादाबाद गई हुई है।
वही सोमवार को आई कोरोना की जांच रिपोर्ट में बहजोई के गांव नगलिया निवासी 80 वर्षीय वृद्ध, इसी गांव का 12 वर्षीय किशोर, चंदौसी की पावर हाउस कालोनी निवासी 31 वर्षीय युवक, बबराला की लेखपाल कालोनी निवासी 29 वर्षीय युवक, चंदौसी के मोहल्ला घटियागेट निवासी 42 वर्षीय युवक, संभल के मोहल्ला कोट पूर्वी निवासी 61 वर्षीय वृद्ध, इसी मोहल्ला का 53 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। मोहल्ला निगरानी समिति की टीम संक्रमितों के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करने में लगी है। उनकी सूची बनाकर कोरोना की जांच कराई जाएगी।