घर में खजाना दबा होने का झांसा देकर तांत्रिक ने किसान से 16 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने यह रकम मकान और दुकान बेचकर दी थी। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के याहियापुर कताई मिल गांव का है। यहां पर रहने वाला प्रमोद कुमार पेशे से मध्यम वर्ग का किसान है। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। आरोप है कि उसके परिवार के लोगों ने कुछ दिन पहले चौहान पट्टी जसपुर जिला उद्यम सिंह नगर उत्तराखंड निवासी तांत्रिक से मिलवाया था। इस दौरान तांत्रिक ने कहा कि वह उनकी हर परेशानी को दूर कर देगा। तांत्रिक कहा कि तुम्हारे घर में सजाना गड़ा है। घर में जमीन से धन निकालने के नाम पर तांत्रिक ने उससे 50 हजार रुपये हड़प लिया। एकाएक तांत्रिक उसे झांसे में लेकर रुपये ठगता रहा। कुल मिलाकर किसान में अपनी जमीन और दुकान बचेकर 16 लाख रुपये दे दिए। जब उसे रुपये या धन नहीं मिला तो उसे ठगी का अहसास हुआ। उसने तांत्रिक से अपनी रकम वापस करने को कहा तो उसने धमकी दी। परिवार के लोगों ने भी साथ छोड़ दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने शुक्रवार को एसपी पूनम से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।