नौगांवा सादात। सूखे आम के पेड़ों की अनुमति लेकर नौगांवा सादात नगर पंचायत अध्यक्ष के पति नदीम अब्बास ने आम के हरे-भरे पेड़ों को कटवा दिया। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने जांच-पड़ताल की। मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र में खेड़ी मोड़ का है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुबीना जैदी के पति एवं रालोद नेता नदीम अब्बास जैदी का आम का बाग है। क्षेत्रीय वन दरोगा केपी सिंह ने बताया कि सात मई को नदीम अब्बास जैदी ने वन विभाग से अपने बाग में खड़े 11 सूखे पेड़ काटने की अनुमति ली थी। बावजूद उन्होंने हरे-भरे पेड़ कटवा दिए। शिकायत मिलने पर बाग में जाकर जांच की गई तो मौके पर हरे पेड़ों का कटान किया जा रहा था। टीम को देखकर पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला रहे लोग मौके से भाग निकले। मौके पर नौ पेड़ कटे हुए बरामद हुए। इस दौरान 100 क्विंटल लकड़ी को कब्जे में लेकर कस्बे के मोहल्ला बगला के रहने वाले नादे अली के सुपुर्द कर दिया गया है। बाद में वन दरोगा केपी सिंह ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में नदीम अब्बास के खिलाफ वृक्षों के संरक्षण अधिनियम तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। नदीम अब्बास नौगांवा सादात नगर पंचायत अध्यक्ष के पति हैं। जानकारी मिली है कि बाग के पेड़ों का कटान करने के बाद अवैध प्लॉटिंग करने की तैयारी चल रही है।