अमरोहा। टीबी मरीजों को खोजने के लिए क्षय रोग विभाग को अभियान बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। पहले दिन जिले में 150 ऐसे मरीज चिह्नित किए जिनमें टीबी के लक्षण पाए गए। उनकी जांच के लिए सैंपल लिया गया है। एक दो दिन में उनकी रिपोर्ट आने के बाद उचित इलाज शुरू कर दिया जाएगा। उधर, यह अभियान दस दिन और चलेगा।
जिले में इस समय 3340 टीबी के सक्रिय केस हैं। शासन के निर्देश पर जिले में टीबी के मरीजों को खोजने के लिए बृहस्पतिवार से खोजी अभियान चलाया शुरू हो गया। यह अभियान पांच दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान में टीमें घर घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। अभियान के दौरान एक्टिव केस मिलने पर विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना देगी। मरीज के पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की और से उनका इलाज किया जाएगा। अभियान के दौरान ऐसे गांवों का चिह्नीकरण भी किया जाएगा, जहां दोबारा टीबी का कोई केस नहीं मिला है। ऐसे गांव को टीबी मुक्त आयुष्मान गांव का दर्जा दिया जाएगा। जिले स्क्रीनिंग के लिए 170 टीमें बनाई गई हैं।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल त्रिवेदी ने बताया बृहस्पतिवार को पूरे दिन में अलग-अलग टीमों ने 150 मरीजों को तलाश किया। सभी में टीबी के लक्षण पाए गए। उनकी जांच के लिए सेंपल भेज दिया गया है। बताया कि पांच दिसंबर तक अभियान वृहद स्तर पर चलेगा। विशेषकर ईंट भट्ठा, वृद्ध आश्रम, नारी निकेतन, मदरसा व नवोदय विद्यालय में अभियान चलाने पर जोर रहेगा।
-