रूखालू। क्षेत्र के गांव में अपने ही खेत में पेड़ से महिला का शव फंदे पर लटका मिला। ग्रामीण शव उतारकर गांव ले गए। मायके वालों ने पहुंचकर ससुरालियों पर शक जाहिर करते हुए आरोप लगाया। इस दौरान हंगामा भी हुआ। हालांकि देर शाम तक दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही थीं। पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
गांव निवासी एक पैंतालीस वर्षीय महिला शनिवार दोपहर को खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। लेकिन यहां अपने ही खेत में बकायन के पेड़ पर महिला का शव दुपट्टे से लटका हुआ मिला। ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को पेड़ से उतारकर गांव ले गए। सूचना मिलते ही आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी मायके वाले भी पहुंच गए। उन्होंने ससुरालियों पर शक जाहिर करते हुए हत्या का आरोप लगाया। अन्य रिश्तेदार व गांव के पंच भी जुट गए। देरशाम तक दोनों पक्षों में समझौते की बात चलती रही। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि इस तरह की कोई जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी जांच पड़ताल कराई जाएगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।