हसनपुर। क्षेत्र में बीस वर्षीय युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता का कहना है कि बेटे का गांव की एक महिला से संबंध थे। जिसका हमने विरोध किया तो बेटे ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
क्षेत्र के गांव निवासी बीस वर्षीय युवक की शादी दो माह पहले हुई थी। सोमवार शाम को वह घर से निकला था। काफी खोजबीन करने पर गांव के ही जंगल में बकायन के पेड़ से लटका मिला। पेड़ से शव लटके मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसी तरह से शव को नीचे उतारा गया। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भिजवा दिया। मृतक के पिता का कहना है कि बेटे के गांव की एक औरत से संबंध थे। काफी समझाया। लेकिन, वह नहीं माना। दो माह पूर्व बेटे की शादी इसलिए कर दी थी कि ताकि वह महिला से संबंध खत्म कर दे। लेकिन, शादी के बाद भी वह नहीं माना। इसको लेकर कई बार उसे डांट दिया था। जिसको लेकर वह परेशान रहने लगा। इसी परेशानी की वजह से बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा है। परिजन इसे आत्महत्या ही मान रहे हैं। जांच पड़ताल कराई जा रही है।