हसनपुर। क्षेत्र में शुक्रवार को आम के बाग में पेंटर का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव उतार लिया और घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया परिजन आत्महत्या मान रहे हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कालाखेड़ा निवासी 24 वर्षीय डेविड पुत्र रामकिशोर जाटव का शव शुक्रवार सुबह को अपने ही आम के बाग में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना से ग्रामीणों में खलबली मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव उतार लिया। इसके बाद गांव पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। बताते हैं कि दो दिन पूर्व मामूली बात पर डेविड को उसके पिता ने डांट दिया था। तभी से वह नाराज चल रहा था। डेविड पेंटर का काम करता था। दो दिन पूर्व काम की तलाश में वह किसी से मिलने की बात कहकर घर से गया था। इसके बाद गुरुवार देरशाम को ही वह घर आया था और आम के बाग में सोने की बात कहकर घर से गया था। डेविड की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आत्महत्या मानते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बताते हैं कि डेविड अभी अविवाहित था। चार भाइयों में सबसे छोटा था।
-एक युवक द्वारा आम के बाग में आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर मौके पर गए थे। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिजन पिता के डांटने से नाराज युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात कह रहे हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
-नीरज कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हसनपुर।