मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव गादीखेड़ा की मंढैया में एक युवक ने घर के भीतर बने कमरे में फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। युवक को फंदे पर झूलता देखकर परिजनों की चीख निकल गई। युवक रविवार को ही ससुराल से वापस आया था। उसकी पत्नी अपने मायके में ही थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गादीखेड़ा की मंढैया निवासी सौरभ उम्र 22 साल की शादी अप्रैल माह में थाना बछरायूं के गांव ढयोटी से हुई थी। बताया जाता है कि फिलहाल सौरभ की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। सौरभ भी रविवार की सुबह अपनी ससुराल गया था। बताया जाता है कि वह अपनी सास को किसी गांव से पीलिया की दवा दिलाने गया था। वह दोपहर बाद ससुराल से वापस आया था। ससुुुराल से वापस आने के बाद सौरभ घर के भीतर बने अपने कमरे में गया। शाम को सौरभ के माता पिता ने पशुओं का चारा काटने के लिए उसको आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिलने पर वे उसके कमरे में गए तो वहां का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। सौरभ फंदे पर झूल रहा था और उसका शरीर निर्जीव हो गया था। जानकारी होने पर ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुच गए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।