कक्षा बारह का छात्र स्कूल में तमंचा लेकर पहुंचा तो शिक्षकों-छात्रों में हड़कंप मच गया। किसी तरह छात्र को पकड़कर तमंचा छीना और परिजनों को बुला लिया। परिजनों के माफी मांगने पर स्कूल प्रबंधन ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। लेकिन छात्र के स्कूल में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यह मामला नगर के एक निजी स्कूल का है। गुरुवार को कक्षा बारह में पढ़ने वाला एक छात्र तमंचा लेकर क्लास में पहुंच गया। जानकारी मिलते ही कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं दहशत में आ गए। उन्होंने मामले की जानकारी शिक्षकों को दी। जिससे शिक्षकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शिक्षकों ने छात्र को कक्षा से बाहर निकलते समय पकड़ लिया और उसके परिजनों को बुला लिया। छात्र के परिजनों ने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी कोई गलती नहीं करने की बात कही। परिजनों के माफी मांगने पर स्कूल प्रबंधन ने छात्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की। लेकिन छात्र के स्कूल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है।