सोमवार को एनएसएस से जुड़े विद्यार्थी कोतवाली के भ्रमण के लिए पहुंचे। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर पुलिस से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दीं। इंस्पेक्टर ने कहा कि पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। यह आपके और आपके अधिकारों की सुरक्षा के लिए है। पुलिस को अपना दोस्त मानकर अपनी बात रखें। पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए है और विद्यार्थियों को पुलिस को अपना दोस्त समझना चाहिए।
इस दौरान महिला हेल्प डेस्क, एफआईआर, पुलिस विवेचना, 112 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि एफआईआर को प्रथम सूचना रिपोर्ट कहा जाता है। छात्र-छात्राओं ने कंप्यूटर पर रिपोर्ट दर्ज होने की प्रक्रिया देखी। महिला हेल्पडेस्क पर महिला अपराधों की सुनवाई के बारे में जाना। बैरक, मैस, हवालात, कार्यालय आदि में भी जाकर व्यवस्थाएं देखीं और जानकारी हासिल की। विद्यार्थियों ने भी प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और पुलिस विभाग के कार्यों की सराहना की।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आज के समय में मोबाइल जितना सुविधाजनक है, उतना ही खतरनाक भी है। इसलिए साइबर अपराध से बचने के लिए सोशल मीडिया से दूर रहें। इस दौरान कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पीयूष कुमार शर्मा मौजूद रहे।