रजबपुर। थानाक्षेत्र के गांव पीपली मेकचंद में 18 वर्षीय छात्र प्रशांत की तालाब में डूबने से मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब किनारे चप्पल मिलने पर अनहोनी की आशंका गहरा गई। बाद में ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश करने पर छात्र का शव पानी में उतराता मिला।
गांव निवासी विजेंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटे हैं। दूसरे नंबर का प्रशांत शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर के पास स्थित तालाब के किनारे घूम रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह करीब 15 फीट गहरे तालाब में जा गिरा। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। काफी देर तक प्रशांत के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शाम के समय तालाब किनारे उसकी चप्पल पड़ी मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन की। तलाश के दौरान तालाब के दूसरे छोर पर दलदल के पास उसका शव पानी में उतराता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि छात्र की मौत डूबने से हुई है। मामले में किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। मृतक प्रशांत ने इसी वर्ष एक इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह स्नातक में प्रवेश लेने की तैयारी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।