हसनपुर गांव मंगरौला निवासी अमन का फाइल फोटो
- फोटो : HASANPUR
रूखालू। कोतवाली क्षेत्र में रहरा मार्ग पर गांव सोमवार रात तेज रफ्तार निजी बस ने पीछे से ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। ट्राली के ऊपर बैठा कक्षा नौ का छात्र गन्नों के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक, बस को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मंगरौला निवासी सोलह वर्षीय अमन पुत्र लोकेंद्र आदर्श इंटर कॉलेज कुटी दौलतपुर में कक्षा 9 का छात्र था। सोमवार की रात वह हसनपुर रहरा मार्ग पर मंगरौला रुस्तमपुर के बीच ट्रैक्टर ट्राली से गन्ना लादकर त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर ले जाने की तैयारी कर रहा था। रात्रि करीब 10 बजे वह ट्राली पर बैठा था। अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्राली पलट गई। गन्ने के नीचे अमन दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तरफरी मच गई। किसी तरह छात्र को गन्नों के नीचे से निकाला गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सक को दिखाया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद बस चालक खाली बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बस को कब्जे में ले लिया। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। कोतवाल संजय तौमर ने बताया कि अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।