बुरावली । रहरा थानाक्षेत्र के बुरावली गांव में बुधवार दोपहर दीवार के ऊपर से गुजर रही झूलती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कक्षा तीन के छात्र नीतीश की मौत हो गई। बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हसनपुर-अलीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली निगम के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब सवा घंटे में जाम खुल सका।
गांव निवासी अरविंद कुमार दिल्ली में कार चलाते हैं। उनका 12 वर्षीय बेटा नीतीश गांव के ही एक निजी स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता था। बुधवार को वह किसी कारण से स्कूल नहीं गया था। दोपहर करीब ढाई बजे नीतीश नखासा मोहल्ले में पेट्रोल पंप के पास स्थित एक प्लॉट की दीवार पर दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन लाइन का तार नीतीश के सिर से छू गया। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नीतीश तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बच्चे का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए दोपहर तीन बजे हसनपुर-अलीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन के तार नीचे लटक रहे थे लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इन्हें ठीक कराने की सुध नहीं ली। सूचना पर स्थानीय पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। आजाद समाज पार्टी के मंडल प्रभारी देवेंद्र बैंसला भी वहां पहुंच गए। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष कार्रवाई और नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब 4:15 बजे जाम खुलवाया गया और यातायात सुचारु हो सका। परिजनों ने पुलिस को जिम्मेदार बिजली कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दे दी है। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।