रहरा। थानाक्षेत्र के गांव खेलिया पट्टी में शनिवार को रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। जमकर पथराव हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। इसके अलावा एक गाय भी पथराव में घायल हो गई। जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रहरा थानाक्षेत्र के गांव गांव खेलिया पट्टी निवासी सर्वेश यादव जल जीवन मिशन योजना के तहत होने वाले कार्यों में ठेकेदारी करता है। सर्वेश का कहना है कि गांवों के ही कुछ लोगों से कार्य कराया था, जिनका भुगतान किया जा चुका है, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि भुगतान पूरा नहीं हुआ है। रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में शनिवार दोपहर को कहासुनी के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू होने लगी और पथराव भी होने लगा। करीब एक घंटे तक चले पथराव से गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। मारपीट एवं पथराव में सर्वेश, भूरा और सतवीर घायल हो गए। सर्वेश यादव ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।