आदमपुर/रहरा (अमरोहा)। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शहबाजपुर गुर्जर के मजरा मछरिया खादर में सोमवार को भाजपा के अभियान के तहत निकल रही मेरी माटी-मेरा देश अमृत कलशयात्रा पर एक परिवार के लोगों ने विरोध करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। फिर छत पर चढ़कर पथराव भी किया, जिसस जिसमें 15 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल बिगड़े हालात संभाले और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने कलश यात्रा पर पथराव से इन्कार किया है। गांव के एक फौजी और अन्य परिवार के बीच जमीन के विवाद को इस झगड़े की वजह बताया है।
रहरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शहबाजपुर गुर्जर के प्रधान शाहिद के नेतृत्व में सोमवार को मजरा मछरिया खादर में मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत गांव में कलश यात्रा निकाली गई। प्राथमिक विद्यालय के सामने से डीजे चलाकर कलशयात्रा शुरू की तो गांव के ही एक परिवार के लोगों ने कलश यात्रा का विरोध करते हुए लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद घर की छत पर चढ़कर पथराव कर दिया गया। पथराव व मारपीट में अली वारिस, इमरान, फरना, शीवा, नाजिम, इकराम, कल्लाम, सादाब, वीरप्पन, मुबारक अली, शब्बन, सलाउद्दीन, मुस्तकीम, वसीम, लड्डन समेत 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रधान पक्ष के अली वारिस को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी तमाम कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और रहरा थाने में तहरीर दी।
कलशयात्रा पर पथराव की दो वीडियो वायरल
मछरिया खादर में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत निकाली जा रही अमृत कलशयात्रा में शामिल लोगों पर हमला करने के मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। कलशयात्रा पर पथराव की दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वायरल वीडियो में छत पर खड़े चार लोग पथराव करते नजर आ रहे हैं। जबकि सड़क पर खड़े लोग भी आरोपियों पर पथराव करते दिख रहे हैं।
बयान: प्रधान और आरोपी पक्ष के लोगों में ग्राम समाज की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी। -अरुण कुमार, सीओ हसनपुर
बयान: गांव में मेरी माटी मेरा देश कलशयात्रा निकाली जा रही थी। गांव के ही कुछ लोगों ने कलशयात्रा और डीजे का विरोध करते हुए लाठी डंडे से हमला कर दिया। आरोपियों ने छतों से पथराव भी किया। पुलिस को तहरीर दी गई है। -शाहिद, ग्राम प्रधान शाहवाजपुर गुर्जर
बयान: अमृत कलशयात्रा पर पथराव का मामला नहीं है। गांव में फौजी और एक अन्य परिवार के बीच जमीन के विवाद में झगड़ा हुआ था। इसके कुछ देर बाद कलश यात्रा निकलनी थी। कुछ लोग इसे दूसरा रूप दे रहे हैं। दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दोनों एक ही वर्ग के लोग हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -कुंवर अनुपम सिंह, एसपी अमरोहा