हसनपुर। क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने नशे की हालत में युवती का हाथ पकड़ लिया। युवती के विरोध करने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले व पथराव भी हुआ। पुलिस ने दो युवकों का शांतिभंग में चालान किया है।
सोमवार देर रात एक किसान के घर में पड़ोसी शराब के नशे में घुस गया और किसान की बेटी का हाथ पकड़ लिया। युवती ने शोर मचाया तो उसके चाचा जाग गए और विरोध किया। शराबी को वहां से जाने को कहा। इस बात से नाराज होकर शराबी ने अपने परिवार के साथ मिलकर किसान के घर पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडे चल गए। इस मारपीट में युवती के पिता, उसके चाचा, युवती व उसकी बहन घायल हो गई।
दूसरे पक्ष से भी दो युवक घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा का कहना है कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।