हसनपुर। नगर के एक निजी अस्पताल में बुखार से छह माह के बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कटाई निवासी शमसेर मलिक के छह माह के बेटे मोहम्मद अरहान को बुखार की शिकायत थी। वह सोमवार को हसनपुर के एक निजी बाल क्लीनिक से दवाई लेने आए थे। यहां बच्चे को भर्ती कराया था। इसके बाद छुट्टी दे दी गई थी। मंगलवार को फिर बच्चे को लेकर उसी क्लीनिक पर उपचार के लिए पहुंचे।
परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान मौत हो गई। हालांकि यहां से गजरौला के लिए रेफर किया गया, लेकिन गजरौला के चिकित्सकों ने वापस भेज दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर क्लीनिक पर पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पुलिस पहुंच गई। मामला शांत कराया। देरशाम तक दोनों पक्षों में समझौते के लिए वार्ता चल रहती रही। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों में समझौता हो रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।