अमरोहा। नगर के मिनी स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो महिला शिक्षक आमने सामने आ गईं। कबड्डी प्रतियोगिता में सीनियर-जूनियर बालिकाओं को लेकर दो महिला शिक्षकों के बीच नोकझोंक हो गई। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दोनों ने एक-दूसरे को खूब खरी-खोटी सुनाई। दूसरे शिक्षकों ने दोनों का बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इस दौरान मैदान में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
सोमवार को नगर के मिनी स्टेडियम में बेसिक शिक्षाविभाग की ओर से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। यह प्रतियोगिता तीन दिवसीय है। मंगलवार को प्रतियोगिता का दूसरा दिन था। इस दौरान जोया और गजरौला ब्लाक की बालिकाओं के बीच कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होनी थी। इस दौरान खेल पीटीआई समेत कई शिक्षकों ने छात्राओं की लंबाई और उम्र का आंकलन कर खेलने की इजाजत दी। अभी दोनों टीमों के छात्राओं ने एक पारी ही खेली थी। जिसमें जोया ब्लाक की छात्राएं हार गईं। दूसरी पारी में भी गजरौला की छात्राएं जोया की टीम पर हावी दिखाई पड़ीं। यह देखकर जोया टीम की महिला शिक्षक ने अपनी टीम की छात्राओं को मैदान से हटा दिया और गजरौला ब्लाक टीम की छात्राओं को सीनियर बताने लगी। यह सुनकर गजरौला ब्लाक टीम के साथ मौजूद महिला शिक्षक का गुस्सा भड़क गया। दोनों शिक्षिकाएं आमने-सामने आ गईं। एक दूसरे को खूब खरी-खोटी सुनाई। दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान मैदान में यहां अन्य शिक्षक मौजूद थे। लिहाजा उन्होंने दोनों शिक्षिकाओं को समझा-बुझा कर अलग किया। वहीं निर्णायक मंडल ने गजरौला की टीम को विजेजा घोषित कर दिया।