अमरोहा। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलेगा। सुबह 10 से शाम चार बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत एक जनवरी की अर्हता तिथि के आधार पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जा रही हैं। बूथों पर 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। मतदाता नाम और विवरण जांचने के साथ जरूरी आवेदन कर सकेंगे।
नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, अपात्र या मृतक मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता, अन्य विवरण में संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। बीएलओ के पास सभी फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा voters.eci.gov.in और ECINET एप से ऑनलाइन आवेदन या फॉर्म डाउनलोड किए जा सकेंगे। सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विभिन्न बूथों का निरीक्षण करेंगे।