गजरौला। दिल्ली से बनारस जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। घटना दोपहर दो बजकर पांच मिनट की है। उस समय ट्रेन गजरौला के दरियापुर बुजुर्ग के पास पहुंची थी। ट्रेन के पहियों के पास और कोच से धुआं उठता देख गार्ड ने फौरन चालक को सूचित किया। चालक ने ट्रेन को रोका और मामले को समझने के लिए गार्ड के साथ धुएं वाले स्थान का जायजा लिया।
संबंधित कोच के यात्री भी काफी घबरा गए थे। खबर मिलते ही स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ स्टाफ भी मौके पर पहुंचे। बारीकी से देखने के बाद पता चला कि ट्रेन के पहिये के पास लगी डायनेमो बेल्ट क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके कारण पहिये के पास से धुआं उठ रहा था। गार्ड ने मुरादाबाद कंट्रोल को फोन कर सूचित किया और नजदीकी कैरिज एंड वैगन शाखा से कर्मचारियों को बुलाकर मेंटिनेंस करवाई। इस कार्य में आधा घंटा लग गया। इस दौरान ट्रेन वहीं पर खड़ी रही। डायनेमो की बेल्ट बदले जाने पर ट्रेन मुरादाबाद के लिए रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस दौरान किसी अन्य ट्रेन का परिचालन बाधित नहीं हुआ।