नगर कोतवाली पुलिस ने जिलेभर में हुईं छह चोरियों का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मोबाइल के उपकरण, ड्राईफूट, नकदी और अवैध शस्त्र बरामद हुए। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसपी पूनम ने बताया कि जनपद में पिछले दिनों कुछ चोरी की घटनाएं हो गई थीं। जिनके खुलासे के लिए पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही थी। अमरोहा नगर कोतवाली पुलिस रविवार की सुबह छह बजे अतरासी रोड स्थित रेलवे पुल के ढलान पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी कार सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम तरसेम निवासी गुमसानी थाना गाजीपुर जनपद ऊधम सिंह नगर, राजू उर्फ राजेश निवासी ढकिया गुलाबो थाना काशीपुर जनपद ऊधम सिंह नगर, अकरम निवासी हाफिज साहब की मजार थाना गंज जनपद रामपुर, राजन और वरुण उपाध्याय मोहल्ला मायापुरी जनपद मुरादाबाद बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन अवैध चाकू, मोबाइल उपकरण, ड्राईफूट और 52 सौ रुपये बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने अक्तूबर के महीने में अमरोहा जोया रोड स्थित रेलवे पुल के नीचे मोबाइल की दुकान की दीवार काटकर चोरी की थी। इसके अलावा कैलसा रोड पर परचून की दुकान से ड्राईफूट चोरी किए थे। करीब बीस दिन पहले डिडौली क्षेत्र में रेडीमेड कपड़ों की दुकान से नकब लगाकर एलईडी, नकदी और कपड़े चोरी किए गए थे। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के रहना अड्डे पर परचून की दुकान की छत काटकर तेल के टीन चोरी कर लिए गए थे। तीन महीने पहले गजरौला के मोहल्ला लक्ष्मी नगर में घर में चोरी हुई थी। जबकि करीब एक महीना पहले गजरौला के खाद गुजर रोड पर इफ्को ई-बाजार की दुकान से कंप्यूटर का यूपीएस, दवाइयां, कार्टून और नकदी चोरी किए गए थे। सभी घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के रहने वाले राजू उर्फ राजेश पर मुरादाबाद मंडल में 18 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।