अमरोहा। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान मंगलवार से शुरू हो गया। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर 13.70 लाख मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। हर मतदाता को गणना प्रपत्र दिया जाएगा। वह भरकर जमा कराना होगा। अगर मतदाता घर पर नहीं मिलेगा तो बीएलओ कम से कम तीन बार घर पर जाकर तलाश करेगा। इसके लिए हर बूथ पर बीएलओ की तैनाती कर दी गई है। गणना की अवधि चार दिसंबर तक रहेगी।
चुनाव आयोग ने प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की है। चुनाव आयोग के शेड्यूल के अनुसार मंगलवार से जिलेभर में इसकी शुरुआत हो गई है। चार नवंबर से चार दिसंबर के बीच बीएलओ घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र देते हुए उसे भरने का तरीका भी समझाएंगे। हर बीएलओ को एक दिन में कम से कम 50 मतदाताओं का सत्यापन करना होगा।
इसका रिकॉर्ड मोबाइल एप्लीकेशन पर भी भरना होगा। गणना प्रपत्र चार दिसंबर से पहले वितरण और भरकर वापस जमा भी करवाना होगा। जिले की चारों विधानसभाओं में 1488 बूथों के बीएलओ 13,70,374 मतदाताओं से इस अवधि के दौरान संपर्क करेंगे। इसके बाद नौ दिसंबर को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक दावे और आपत्तियां जमा कराई जा सकेंगी। सात फरवरी को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
गणना प्रपत्र में देनी होगी जरूरी जानकारी
गणना प्रपत्र में मतदाता का नाम, फोटो, इपिक नंबर समेत कुछ जरुरी जानकारी होगी। बाकी जानकारी मतदाता को भरनी होगी लेकिन प्रपत्र में दो और बॉक्स है। अगर मतदाता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में है तो उसकी जानकारी देनी होगी। अगर उसका नाम नहीं है लेकिन उसके पिता या अन्य किसी परिजन का है तो उसकी जानकारी देनी होगी। सत्यापन में जरूरत पड़ी तो फिर नोटिस जारी कर मतदाता से जरूरी दस्तावेज भी मांगे जाएंगे।
विधानसभा वार बूथ और मतदाताओं की संख्या
विधानसभा - बूथ - मतदाता
अमरोहा - 330 - 315199
नौगांवा सादात - 378 - 332968
धनौरा (अ) - 390 - 348805
हसनपुर - 390 - 373402
-
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो गई है। इसके लिए बीएलओ को प्रशिक्षण भी दे दिया गया है। चार दिसंबर तक बीएलओ मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क करते हुए गणना प्रपत्र देंगे। - गरिमा सिंह, एडीएम वित्त व राजस्व
-