अमरोहा। कांवड़ियों के आवागमन के चलते धनौरा रोड पर मांस की ब्रिकी की जानकारी मिलते ही नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दुकान को सील कर दिया। मौके पर मिले मांस को नष्ट करा दिया। दुकान का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
शासन के स्पष्ट निर्देश है कि सावन में कांवड़ मार्ग पर मांस की दुकान बंद रहेंगी। शुक्रवार को पालिका टीम को सूचना मिली कि धनौरा मार्ग पर एक दुकान पर मांस की बिक्री की जा रही है। सावन माह में इस मार्ग पर बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरते हैं। सूचना मिलती ही नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर मांस की बिक्री होती पाई गई। इनको पालिका ने ट्रेंचिंग ग्राउंड में ले जाकर नष्ट कराया।
ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार ने कहा कि सावन माह के अंतर्गत निरंतर जांच कर यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि पालिका द्वारा जारी किए जाने वाले मीट लाइसेंस अनापत्ति प्राप्त दुकानदार नियमानुसार निर्धारित नियम व शर्तों का अनुपालन कर रहे हैं अथवा नहीं। निर्धारित नियम व शर्तों के खिलाफ कार्य करने वाले दुकानदारों को जारी पालिका अनापत्ति निरस्त की जाए।