डीएम निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर शुक्रवार को सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र ने हसनपुर के गांव कनैटा में यगद नदी पुनरुद्धार कार्य की शुरुआत की। सीडीओ ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य यगद नदी को पुनर्जीवित करना है, जो क्षेत्र के लिए एक जीवनदायिनी साबित होगी। ब्लॉक प्रमुख हसनपुर, ममता गुर्जर, ब्लॉक प्रमुख गंगेश्वरी राजेंद्र खड़गवंशी, और परियोजना निदेशक अमरीश कुमार ने फावड़ा चलाकर कार्य की शुरुआत की। इस महत्वाकांक्षी कार्य का जिम्मा ग्राम प्रधान कनैटा नगीना ने उठाया है, जिसमें ग्राम विकास अधिकारी कावेन्द्र सिंह और मनरेगा तकनीकी सहायक शंकर सिंह ने सहयोग किया।
यगद नदी विकास खंड हसनपुर की चार ग्राम पंचायतों-झुंडी माफी, पहाड़पुर बक्काल, कनैटा और सुल्तानपुर भीमा से होते हुए विकास खंड गंगेश्वरी की 17 ग्राम पंचायतों से होकर संभल जिले में प्रवेश करती है। विकास खंड हसनपुर में यगद नदी की लंबाई 14.35 किलोमीटर है, जबकि विकास खंड गंगेश्वरी में यह 41.00 किलोमीटर तक फैली हुई है। इस प्रकार, दोनों विकास खंडों में यगद नदी की कुल लंबाई 55.35 किलोमीटर है, जिस पर खुदाई का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर सभी गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित ग्रामवासियों से जल बचाने और यगद नदी की खुदाई में सहयोग की अपील की। इस कार्य में लगभग 200 लोगों ने श्रमदान भी किया। यगदनदी की जमीन पर कुछ लोगों ने फसलें उगा रखी हैं। जिन्हें हटवाया गया। यहां बीडीओ अश्वनी कुमार, हरीश कुमार, कार्यक्रम अधिकारी सौरभ चौधरी, यशपाल सिंह, मनोज कुमार रहे।