जोया में तुर्क बिरादरी में अपनी अलग पहचान व रुतबा रखने वाले नेता पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा कि अखिलेश तुम्हें ये नहीं पता कि तुम्हारे अगल बगल में कातिल लोग बैठे हैं। कातिल लोगों को मंत्री पद से हटाओ, वरना समाज सपा को वोट नहीं देगा। उन्होंने यह बात गांव फतेहपुर माफी में शौकत पाशा के तीजे के दौरान हुई पंचायत में कही।
यूं तो बर्क तुर्क बिरादरी के जाने माने नेता हैं। बिरादरी को भी उन पर नाज है। अपनों की मदद के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं। यहां बता दें कि पाशा की हत्या के बाद उनके मुंह से मृतक के परिवार को ढांढस बंधाते समय जो अल्फाज निकले थे वह सबको चौंकाने के लिए काफी थी। गहरा दुख जताते हुए कहा था कि तुर्कों के गढ़ में पाशा को मार दिया, सोचने की बात है।
बुधवार को हुई पंचायत को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री को चेताते हुए कहा कि अखिलेश तुम्हें ये नहीं मालूम कि तुम्हारी बगल में कातिल बैठे हैं। उनको मंत्री पद से हटाओ। अगर नहीं हटाओगे तो समाज के लोग समाजवादी पार्टी को वोट नहीं देंगे। उन्होंने बिरादरी के लोगों से इसी तरह संगठित रहने की अपील की।