अमरोहा। शारदीय नवरात्र की शुरुआत रविवार से होगी। पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिरों और घरों में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र का आरंभ होगा। माता की आराधना के लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिरों को सजाया गया है। श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा की पूजा करेंगे।
नवरात्र को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। शनिवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई। श्री वासुदेव तीर्थस्थल, बाबा गंगानाथ मंदिर और श्री दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो जाएगा। घरों में भी श्रद्धालु विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां दुर्गा का आह्वान करेंगे।
श्री गंगानाथ मंदिर के पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की जाएगी। नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा होगी। मंदिरों में सुबह-शाम आरती और भजन-कीर्तन के आयोजन होंगे। कई स्थानों पर माता के जागरण भी कराए जाएंगे। श्रद्धालु उपवास रखकर पूजा-पाठ करेंगे। मंदिरों में भीड़ को देखते हुए तैयारियां की गई हैं। नवरात्र और आगामी त्योहारों को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है।
-
पितृ पक्ष में सूने बाजारों में लौटी रौनक
अमरोहा। पितृ पक्ष के दौरान सूने पड़े बाजारों में शारदीय नवरात्र आते ही रौनक लौट आई है। शनिवार को शहर के बाजारों में पूजन सामग्री और व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने कुट्टू का आटा, मखाने, मूंगफली समेत अन्य सामान खरीदा। महिलाओं ने माता के शृंगार और पूजन सामग्री की खरीदारी की। पोशाक विक्रेता आकाश ने बताया कि इस बार मां के लिए गुलाबी और हरे रंग के लहंगे के साथ मैचिंग चूड़ियां महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं। दुकानदारों ने माता की विभिन्न प्रकार की मूर्तियां भी सजा रखी हैं। इनमें पीतल की मूर्तियां शामिल हैं। इसके अलावा जावित्री, जायफल, नारियल, धूपबत्ती और हवन सामग्री की भी मांग बढ़ी है। नवरात्र शुरू होने से कारोबारियों को बाजार में और रौनक बढ़ने की उम्मीद है। संवाद