जिस्मफरोशी के धंधे में पकड़े गए आफाक बाकरी के उझारी के करीबी लोग लगातार समाचार पत्रों में छप रही खबरों से बौखला उठे हैं। मोहल्ले में अखबार बांट रहे एजेंटों के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले में कार्रवाई को लेकर सैदनगली थाने में तहरीर दी गई है। सीओ ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
एक पुरानी कहावत है, एक तो चोरी और ऊपर से सीना जोरी। जिस्मफरोशी के धंधे में पत्नी सायरा बेगम के साथ पकड़े गए उझारी निवासी आफाक बाकरी के उझारी में रहने वाले परिजन, रिश्तेदार व कुछ करीबी लोग आफाक की पोल पट्टी खोलते हुए लगातार समाचार पत्रों में छप रहीं खबरों को देखकर बौखला गए हैं।
आफाक के करीबी लोग दुस्साहस दिखाते हुए मोहल्ले में अखबार बांटने वाले एजेंटों की साथ अभद्रता व मारपीट पर उतारू हो गए हैं। मंगलवार को एक दैनिक समाचार पत्र के एजेंटों को अखबार बांटने से रोक दिया गया। विरोध पर एजेंटों के साथ अभद्रता की गई। इतना ही नहीं दबंग मारपीट पर भी उतारू हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों के सामने ही एजेंटों को जान से मारने की धमकियां दी गईं। समझदार लोगों ने मामले को शांत कराया।
पीड़ित एजेंटों ने सैदनगली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर शुक्रवार को एजेंट हसनपुर पहुंचे और सीओ से मिलकर मामले से अवगत कराया। सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।