अमरोहा। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तीन बच्चों समेत सात लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा मलेरिया आशंकित 63 लोगों की जांच कराई गई। जबकि, जिला अस्पताल के वार्डों में बुखार के 29 और डेंगू के 6 मरीज का इलाज चल रहा है। इस सीजन मिले डेंगू के मरीजों की संख्या 47 हो गई है।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1206 मरीज पहुंचे। सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लाइन लग गई। बड़ी संख्या में मरीज इधर-उधर भटकते दिखाई दिए। अस्पताल पहुंचे मरीजों में सबसे अधिक बुखार पीड़ित थे। डॉक्टरों की सलाह पर डेंगू आशंकित 18 लोगों की जांच कराई गई। जिसमें तीन बच्चों समेत 7 लोग पॉजिटिव मिले हैं। डेंगू पीड़ितों में जोया निवासी 11 वर्षीय बालक, नौगांवा सादात के दौलतपुर गांव निवासी 8 साल का बच्चा, अमरोहा नगर के कालीपड़ी निवासी 9 वर्षीय बच्चा, डिडौली निवासी 36 वर्षीय युवक, छंगा दरवाजा निवासी 28 वर्षीय युवक और हसनपुर निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। एक साथ डेंगू के सात मरीज मिलने पर डॉक्टर के होश उड़ गए। तुरंत ही सीएमओ कार्यालय में तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू पॉजीटिव मरीजों से संपर्क किया।
इसके अलावा मलेरिया आशंकित 63 लोगों की पैथोलॉजी लैब में जांच कराई गई। जहां सभी की रिपोर्ट निकली है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि जनरल वार्ड में बुखार पीड़ित 29 मरीज का उपचार चल रहा है। जबकि डेंगू वार्ड में 6 मरीज भर्ती हैं। सभी की हालत सामान्य बनी हुई है। उधर, इस सीजन अब तक डेंगू के 47 मरीज मिल चुके हैं।