रजबपुर। रेलवे ट्रैक पर अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव तीन टुकड़ों में बंटा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हुई। हादसा, हत्या या आत्महत्या को लेकर पुलिस उलझी हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर मोर्चरी में रखवा दिया है।
यह घटना रजबपुर थानाक्षेत्र के महेशरा और काफूरपुर गांव के बीच रेलवे लाइन का है। सोमवार की देर शाम स्थानीय लोगों ने 45 नं. खंभा के पास रेलवे ट्रैक पर अधेड़ का शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। शव तीन टुकड़ों में बंटा हुआ पड़ा था। थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त करने के प्रयास किया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का मानना है कि अधेड़ की किसी ट्रेन से गिरकर मौत हुई है या फिर उसने आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस हादसा, हत्या या आत्महत्या को उलझी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पर मोर्चरी में रखवा दिया है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।