अमरोहा। शहर के 91 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता व साहित्यकार आमिर मुस्तफा रिजवी का बुधवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में निधन हो गया। वह बीते तीन साल से अपनी बेटी के पास रहते थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ताओं, रिश्तेदारों व परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बार एसोसिएशन की ओर से शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई। अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
अधिवक्ता व साहित्यकार आमिर मुस्तफा रिजवी नगर के मोहल्ला कुरैशी स्थित अलीजान मंजिल के रहने वाले थे। करीब 45 साल तक उन्होंने सिविल (राजस्व विवाद ) में प्रैक्टिस की। इसके चलते ही आमिर मुस्तफा रिजवी का शुमार जिले के चुनिंदा वरिष्ठ अधिवक्ताओं में किया जाता था। स्वास्थ्य खराब होने के कारण तीन साल पहले वह पत्नी के साथ बेटी के पास अमेरिका चले गए थे।
उनकी मौत की खबर मिलते ही यहां अधिवक्ताओं और रिश्तेदारों व परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष संजय शर्मा व महासचिव नरेंद्र पोसवाल के नेतृत्व में बार रूम में शोकसभा आयोजित की गई। वहीं बृहस्पतिवार की शाम में टीपी नगर चौराहा स्थित रोजा शाह अब्बन बदरे चिश्ती पर भी ताजियती जलसा आयोजित हुआ। यहां एकत्र लोगों ने स्व. आमिर मुस्तफा रिजवी की मगफिरत के लिए दुआ करते हुए गमजदा भतीजे असद मुस्तफा रिजवी व उवैस मुस्तफा रिजवी का ढांढस बंधाया। इस दौरान मुफ्ती दानिश कादरी, हैदर मुस्तफा रिजवी, सूफी मोईन उद्दीन, मुश्ताक साबरी मौजूद रहे।