सावन माह में हाईवे पर ब्रजघाट और तिगरी से कांवड़ लेकर गुजरने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा की निगरानी में 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा दोनों जगह गंगा घाट पर दस वाच टॉवर बनाए जाएंगे जिन पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
सावन माह में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और निर्बाध संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। जनपद को पांच सुपर जोन, 15 जोन, 20 सेक्टर व 40 सब सेक्टर में विभाजित किया है। दिन में कांवड़ियों के जत्थे सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य को रवाना हो जाते हैं लेकिन रात में उनके साथ वारदात की आशंका रहती है। इस कारण हाईवे पर व कांवड़ियों के गुजरने वाले मार्गों पर 40 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जिनसे कांवड़ियों की सुरक्षा होगी और शरारती तत्वों की निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा कांवड़िये के गुजरने वाले मार्गों पर पुलिस बल के साथ ही तीन कंपनी पीएसी जवान तैनात रहेंगे। गंगा घाटों पर भी कांवड़ियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। दस वाच टॉवर बनाए जाएंगे। जिन पर सशस्त्र पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे पर अवैध कट बंद कराए जा रहे हैं। उन पर पुलिस बल बल तैनात किया जाएगा। शरारती तत्वों के मंसूबों को ध्वस्त करने के लिए कांवड़ियों के वेश में भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।