अमरोहा में कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों का 47 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कैमरा कचहरी की चौखट से लेकर कोर्ट के कटघरे तक पहुंच गया।
अमरोहा में कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों का 47 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कैमरा कचहरी की चौखट से लेकर कोर्ट के कटघरे तक पहुंच गया। वीडियो में कोर्ट के भीतर कटघरे में खड़े आरोपी हथकड़ी दिखाने के साथ मूंछों पर ताव देते नजर आए। वीडियो कभी आगे तो कभी पीछे से बनाया गया। इससे यह सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपियों तक कैमरा कैसे पहुंचा और कोर्ट परिसर के अंदर वीडियो बनाने की अनुमति कैसे मिली।
विज्ञापन
बुधवार शाम को अमरोहा नगर कोतवाली पुलिस ने करीब 90 ग्राम स्मैक के साथ समीर उर्फ बाली निवासी गली नंबर-10 मोहल्ला कुरैशी अमरोहा और सुहैल निवासी गली नंबर-8 मोहल्ला सुभाष नगर भजनपुरा दिल्ली को गिरफ्तार किया था। बरामद स्मैक की कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई थी। दोनों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बरेली से स्मैक लाकर अमरोहा में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का दावा किया था।
इसी दौरान यह वीडियो बनाया गया। वायरल वीडियो में पृष्ठभूमि में एक करे हवा से बात जमाना जाल बिछाने से...गाना भी सुनाई दे रहा है। समीर के खिलाफ अमरोहा और दिल्ली में कई मुकदमे दर्ज होने तथा उसके हिस्ट्रीशीटर होने की बात भी पुलिस ने कही है। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। जिस अकाउंट से इसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वीडियो बनाने वाले और उसे वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।