अमरोहा। पॉलीटेक्निक में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग कल यानी नौ जुलाई से शुरू होगी। प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद पांच चरणों में कांउसिलिंग के तहत प्रवेश के लिए कार्यक्रम जारी किया गया था।
जिले में तकनीकी शिक्षा के लिए तीन पॉलीटेक्निक संचालित हैं। इनमें महामाया पॉलीटेक्निक ऑफ इंर्फोमेशन टैक्नोलॉजी बछरायूं, राजकीय पॉलीटेक्निक कटाई और राजकीय पॉलीटेक्निक सुतावली शामिल हैं। जिले में महामाया पॉलीटेक्निक ऑफ इंर्फोमेशन टैक्नोलॉजी बछरायूं व राजकीय पॉलीटेक्निक सुतावली को काउंसिलिंग सहायता केंद्र बनाया गया है, जहां विद्यार्थी अपनी किसी भी तरह की शंकाओं का समाधान कर सकते हैं।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के लिए जहां 27 जून से दो जुलाई तक च्वाइस फिलिंग भरने का मौका दिया गया था। वहीं दूसरे चरण में विद्यार्थी नौ से 11 जुलाई तक विकल्प भर सकेंगे। 13 से 15 जुलाई तक काउंसिलिंग शुल्क ऑनलाइन रूप से जमा कराना होगा। 14 से 16 जुलाई तक सत्यापन व 17 जुलाई को सीट विड्रा की जा सकेगी। महामाया पॉलीटेक्निक ऑफ इंर्फोमेशन टैक्नोलॉजी बछरायूं के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंद्रा ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। मेरिट में शामिल विद्यार्थी जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा।