मंडी धनौरा (अमरोहा)। तहसील परिसर में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में गैरहाजिर रहे सात अधिकारियों से एसडीएम ने जवाब तलब किया है। गैरहाजिर अधिकारियों को जारी नाेटिस में शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के बावजूद लापरवाही बरतने की बात कही गई है।
शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी मिश्रा की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। समाधान दिवस में बिजली विभाग के बछरायूं व गजरौला के उपखंड अधिकारी, एडीओ पंचायत गजरौला, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी धनौरा, एडीओ कॉपरेटिव, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनौरा व अधीक्षक संयुक्त चिकित्सालय बछरायूं अनुपस्थित पाए गए थे। महत्वपूर्ण विभाग के अधिकारियों की गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने उनका स्पष्टीकरण तलब करने के लिए एसडीएम को कहा था। एसडीएम ने बताया कि अनुपस्थित अधिकारियों को जवाब तलब किया है।