गजरौला। आए दिन भवनों को सील करने और प्लाटिंग को ध्वस्त कराने से पहले एमडीए की टीम उपजिलाधिकारी को अवगत नहीं कराकर कानून व्यवस्था को चुनौती दे रही है। बिना बताए कार्रवाई से कानून व्यवस्था के लिए फिक्रमंद एसडीएम एमडीए के सचिव को पत्र लिखेंगे। उन्होंने टीम की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया है।
एसडीएम मंडी धनौरा अरुण कुमार ने बताया कि एमडीए की टीम के बारे में गजरौला के नागरिक कई बार शिकायत कर चुके हैं। कई बार सामने आया है कि भवन को सील करने या प्लाटिंग को ध्वस्त कराते समय टीम को लोगों ने घेर लिया। ऐनवक्त पर वह पुलिस नहीं भेजते तो हालात बिगड़ने के मामले सामने आए। शुक्रवार को भी एमडीए की टीम ने गजरौला के शिवपुरी में एक घर पर कार्रवाई की। टीम का आरोप है कि घर स्वामी ने बिजली का खंभा मकान में चिन लिया। आस पास के लोगों की शिकायत पर एमडीए की टीम ने जाकर कार्रवाई की। भवन को सील किया, मगर एसडीएम को इसकी सूचना नहीं दी गई। अगर कानून व्यवस्था बिगड़ जाती तो कौन जिम्मेदार होता। टीम तो भाग जाती, लेकिन पुलिस-प्रशासन को हालात संभालने में पसीने छूट जाते। इस तरह की बड़ी कार्रवाई से पहले टीम को एसडीएम को भी अवगत कराना चाहिए। वह इस संबंध में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव को पत्र लिखेंगे। भविष्य में सूचना दिए बिना कार्रवाई करेंगे तो शासन को भी लिखा जाएगा।